ईद मिलादुन्नबी को लेकर फखरपुर में पीस कमेटी की बैठक, नवागत इंस्पेक्टर राजकुमार राजभर ने क्षेत्रवासियों से किया संवाद

सीओ कैसरगंज डी.के. श्रीवास्तव ने शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील, अफवाहों से दूर रहने की दी सलाह
फखरपुर ईद मिलादुन्नबी के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को थाना परिसर फखरपुर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कैसरगंज क्षेत्राधिकारी डी.के. श्रीवास्तव ने की। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की और प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान सीओ कैसरगंज डी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। धार्मिक जुलूसों, कार्यक्रमों तथा अन्य आयोजनों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के संबंध में भी संबंधित लोगों से जानकारी ली गई।
सीओ ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि सभी लोग त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा विवाद पैदा करने वाले संदेशों को प्रसारित करने से बचें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी मिलने पर स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वहीं नवागत प्रभारी निरीक्षक फखरपुर राजकुमार राजभर ने बैठक के दौरान क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।
पीस कमेटी की बैठक में प्रभारी विद्युत रविकांत, मोहर्रम कमेटी के प्रभारी रईस पहलवान प्रधान , मौलाना हसीब, अजय शुक्ला, प्रधान आफताब, आजम खान, बसीर खान, शकील खान, फिरोज, इकराम अली, मुन्ना प्रधान, राजू प्रधान, रितेश वर्मा, मुरारी खान, आदित्य समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी लोगों से त्योहार के दौरान प्रशासन का सहयोग करने तथा फखरपुर क्षेत्र में शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द का माहौल बनाए रखने की अपील की
जनरथ एक्सप्रेस