कार की टक्कर से शिक्षिकाओं की गाडी खड्ड में पलटी,पांच घायल

बीएसए, बीईओ और शिक्षकों ने अस्पताल पहुंच कर जाना हाल
बहराइच। लखनऊ से स्कूल आ रही शिक्षिकाओं की कार सामने से तेज रफ्तार कार से टक्कर के बाद खड्ड में पलट गयी। खड्ड में गिरने से स्कूल आ रही पांच शिक्षिकाएं घायल हो गयी। घायलों को कार से निकाल कर सीएचसी में भर्ती कराया गया है,एक शिक्षिका की हालत गम्भीर देख डाक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है।

शनिवार को लखनऊ बहराइच हाइवे पर घाघराघाट रेलवे स्टेशन के पास बहराइच की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार स्कूल आ रही शिक्षिकाओं की कार से टकरा गई। कार की टक्कर से जरवल शिक्षा क्षेत्र के शिक्षिकाओं की कार अनियंत्रित होकर हाइवे के किनारे खड्ड में पलट गयी। कार में बैठी पूर्व माध्यमिक विद्यालय तप्पेसिपाह की शिक्षिका लखनऊ चौक निवासी शमसा कमर(35),प्राथमिक विद्यालय अटवा की शिक्षिका चिन्हट निवासी अंजली श्रीवास्तव(38) व प्राथमिक विद्यालय घाघराघाट की शिक्षिका सीमा तिवारी (42),प्राथमिक विद्यालय घाघराघाट की शिक्षिका दयाल रेजीडेंसी निवासी तुलिका श्रीवास्तव(39),प्राथमिक विद्यालय झुकिया की शिक्षिका सुग्गामऊ मुन्शी पुलिया निवासी अमृता मिश्रा (39) गम्भीर रुप से घायल हो गयीं। सभी घायलों को कार से बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया है। शिक्षिकाओं की सडक दुर्घटना में घायल होने की सूचना पाकर बीएसए आशीष कुमार सिंह ,बीईओ जरवल अरविंद कुमार सिंह,शिक्षक सुरेश सरोज,शैलेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र वर्मा, आसिफ अली,खालिक,कृष्ण पाल आदि ने अस्पताल पहुंच कर घायल शिक्षिकाओं का हाल चाल लिया। सीएचसी अधीक्षक डा.कुंवर रीतेश ने बताया कि दुर्घटना में गम्भीर रुप से घायल शिक्षिका शमसा कमर को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।चार शिक्षिकाओं को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।जनरथ एक्सप्रेस

